घर में तोते-कबूतर पालना पड़ सकता है भारी, 40% लोगों में एलर्जी का खतरा
घर में रंग-बिरंगे तोते पालना या बालकनी में कबूतरों का बसेरा भले ही सुकून देता हो, लेकिन यह सेहत के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है। थोरैसिक सोसायटी ऑफ इंडिया के बिहार चैप्टर के एक अध्ययन के अनुसार, पक्षियों के संपर्क में रहने वाले करीब 40 फीसदी लोगों में एलर्जी की समस्या पाई गई है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, पक्षियों के पंखों से झड़ने वाले बारीक कण, त्वचा के सूक्ष्म अंश और बीट से निकलने वाले एलर्जेन हवा के जरिए फेफड़ों तक पहुंचते हैं। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से छींक, खांसी, सांस फूलना, सीने में जकड़न और आंखों में खुजली जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
पक्षियों के संपर्क में रहने के कुछ घंटों बाद थकान, कमजोरी और बुखार जैसा महसूस होना भी एलर्जी का संकेत हो सकता है। ऐसे में घरों में पक्षी पालने वाले लोगों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए और लगातार परेशानी होने पर डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

