कोडरमा के बिजैया में सेंट्रल बैंक का कृषि ऋण अभियान, एसएचजी महिलाओं के बीच बांटे करीब 8 करोड़ रुपये

बिजैया पंचायत में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने आयोजित किया राष्ट्रीय कृषि ऋण जनसंपर्क अभियान, एसएचजी महिलाओं को बांटे करीब 8 करोड़ रुपये के ऋण

कोडरमा जिला स्थित बिजैया सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय धनबाद की ओर से पंचायत भवन, बिजैया में राष्ट्रीय कृषि ऋण जनसंपर्क अभियान (Agriculture Credit Outreach Campaign) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक दिव्येंदु कुमार, मुख्य प्रबंधक चौधरी जयप्रकाश, बिजैया ग्राम पंचायत की मुखिया मकीना खातून एवं जेएसएलपीएस प्रतिनिधि केदार प्रजापति ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक दिव्येंदु कुमार ने कृषि ऋण, बैंकिंग सुविधाओं एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को बैंक से जुड़कर योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बैंक की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी।

वहीं, मुख्य प्रबंधक चौधरी जयप्रकाश ने ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि बैंक ग्रामीणों तक बेहतर बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने तथा उन्हें विभिन्न सरकारी एवं बैंकिंग योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस अवसर पर बिजैया शाखा के शाखा प्रबंधक विवेक कुमार ने समग्र कृषि विकास एवं वित्तीय समावेशन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं के बीच करीब 8 करोड़ रुपये का कृषि ऋण वितरित किया गया। बैंक की यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इस मौके पर मुख्य प्रबंधक चौधरी जयप्रकाश, कृषि क्षेत्र अधिकारी समीना परवीन, धनबाद के प्रबंधक आशुतोष कुमार, बैंक मित्र रामलाल मोदी, बबीता देवी, अनीता देवी एवं ममता देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थीं।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को कृषि ऋण, बैंकिंग सेवाओं एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा वित्तीय समावेशन के माध्यम से ग्रामीण समुदाय को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था।

You may have missed