कांडी में ABVP आयोजित करेगी स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, विजेताओं को मिलेंगे 2100 रुपये तक के पुरस्कार

कांडी प्रतिनिधि। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की कांडी इकाई की ओर से स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता को लेकर परिषद के कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रखंड के सभी उच्च विद्यालयों एवं प्लस टू विद्यालयों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंजीयन प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने, उनकी प्रतिभा को निखारने और आत्मविश्वास के साथ सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। साथ ही स्वामी विवेकानंद के विचारों एवं आदर्शों से युवाओं को प्रेरित करना भी आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
इस संबंध में नगर मंत्री लक्की चंद्रवंशी ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। परिषद के कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन और उनके विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात कर विद्यार्थी अपने जीवन में बेहतर लक्ष्य निर्धारित कर सकते हैं। उन्होंने प्रखंड के सभी छात्र-छात्राओं से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 2100 रुपये, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 501 रुपये एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। परिषद के कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में शामिल होकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने की अपील की है।

You may have missed