बाल विवाह के खिलाफ गढ़वा में जागरूकता की गूंज, 10 प्रखंडों में कैंडल मार्च निकाल लिया संकल्प
बाल विवाह के खिलाफ गढ़वा में गूंजा संकल्प, 10 प्रखंडों में निकला कैंडल मार्च
गढ़वा:–भारत को 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ देशभर में चल रही मुहिम की गूंज गढ़वा में भी सुनाई दी। बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के पहले अंतरराष्ट्रीय दिवस पर लोहरदगा ग्राम स्वराज्य संस्थान ने जिले के 10 प्रखंडों – गढ़वा, भंडरिया, बरगढ़, रंका, रमकंडा, मेराल, मझिआंव, विशुनपुरा और रमना में जागरूकता अभियान, कैंडल मार्च और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए।
कार्यक्रमों की अगुवाई बाल विवाह से बचाई गई लड़कियों, बाल विवाह रुकवाने में अहम भूमिका निभाने वाली महिलाओं और जमीनी स्तर पर बदलाव की वाहक बनी महिला नेतृत्वकर्ताओं ने की। बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता दिखाई और इस अपराध को समाप्त करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में धर्म गुरुओं ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान अपना बाल विवाह रुकवाने वाली बहादुर बेटियों को सम्मानित भी किया गया।
कैंडल मार्च में बाल विवाह से प्रभावित महिलाओं, बच्चों, पुरुषों और समाज के विभिन्न वर्गों के हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।
प्रोग्राम मैनेजर विक्रम कुमार ने कहा, “हम पिछले तीन वर्षों से सरकार और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के साथ मिलकर बाल विवाह के खात्मे के लिए लगातार काम कर रहे हैं। यह केवल एक अपराध को समाप्त करने का अभियान नहीं, बल्कि देश की बच्चियों को उनका बचपन, शिक्षा और अपने भविष्य को चुनने का अधिकार दिलाने की लड़ाई है। विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब हमारी बेटियां शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर हों। बाल विवाह इस राह की सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है।”
उन्होंने कहा कि जिले में शुरू हुई यह मुहिम आज वैश्विक आंदोलन का रूप ले चुकी है। सरकार, प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से जिले को बाल विवाह मुक्त बनाया जा सकेगा।
जेआरसी के राष्ट्रीय समन्वयक रवि कांत ने कहा, “चार सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सर्वसम्मति से 27 नवंबर को ‘बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ घोषित करने का प्रस्ताव स्वीकार किया। यह जेआरसी और उसके संस्थापक भुवन ऋभु के वर्षों के अथक प्रयासों की एक बड़ी वैश्विक उपलब्धि है। इस ऐतिहासिक प्रस्ताव के पारित होने के समय भुवन ऋभु भी प्रतिनिधिमंडल के साथ संयुक्त राष्ट्र में मौजूद थे।”
उन्होंने कहा कि यह भारत के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि हमारे देश में बाल विवाह रोकने के लिए शुरू हुई मुहिम को आज वैश्विक मंच पर मान्यता मिली और यह संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर का हिस्सा बन गई।
जेआरसी के 300 से अधिक सहयोगी संगठन देश के 782 जिलों में बाल विवाह के उन्मूलन के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। पिछले तीन वर्षों में नेटवर्क ने देशभर में साढ़े छह लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाए हैं। लोहरदगा ग्राम स्वराज्य संस्थान ने स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय और सहयोग से अकेले वर्ष 2024-25 में जिले में 942 बाल विवाह रुकवाए हैं।

