गिरिडीह गुरुद्वारा में पांच दिवसीय एक्यूप्रेशर एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर शुरू, 30 नवंबर तक मिलेगा परामर्श
गिरिडीह। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के तत्वावधान में शहर के स्टेशन रोड स्थित प्रधान गुरुद्वारा में पांच दिवसीय एक्यूप्रेशर, सुजोक, वाइब्रेशन एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर की शुरुआत हुई। शिविर का विधिवत उद्घाटन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार गुणवंत सिंह मोंगिया ने किया। शिविर 30 नवंबर तक चलेगा।
शिविर में एक्यूप्रेशर, एक्यूपंक्चर एवं वैकल्पिक चिकित्सा पद्धति के विशेषज्ञ चिकित्सक रविंदर बिश्नोई (डीएटी) एवं मुकेश चौधरी (डीएटी) मरीजों को चिकित्सा एवं परामर्श दे रहे हैं। दोनों विशेषज्ञ एक्यूप्रेशर/एक्यूपंक्चर एवं अल्टरनेटिव मेडिसिन इंस्टीट्यूट, जोधपुर (राजस्थान) से जुड़े हैं।
आयोजकों ने बताया कि शिविर में जोड़ों का दर्द, मोटापा, ब्लड प्रेशर, मधुमेह, गैस एवं कब्ज, कमर दर्द, साइटिका, आंख एवं कान की समस्याओं सहित नाक और गले से संबंधित परेशानियों के लिए परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा मानसिक तनाव, अवसाद, लकवा तथा हाथ-पैरों में झनझनाहट जैसी समस्याओं को लेकर भी विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया जा सकता है।
शिविर का समय प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 7 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रत्येक मरीज को 15 से 20 मिनट का समय दिया जाएगा। शिविर में शामिल होने के लिए 100 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क रखा गया है।
आयोजकों ने शहर एवं आसपास के लोगों से शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की है। मौके पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के सचिव नरेंद्र सिंह सलूजा उर्फ सम्मी, चरणजीत सिंह सलूजा, परमजीत सिंह कालू, भूपेंदर सिंह दुआ, कुंवरजीत सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे।

