गिरिडीह की यातायात समस्याओं पर नगर निगम की कार्रवाई अधूरी, RTI से खुली पोल; सिविल सोसाइटी ने नगर आयुक्त से मांगा जवाब
गिरिडीह की यातायात समस्याओं पर नगर निगम की कार्रवाई अधूरी, RTI से खुली पोल; सिविल सोसाइटी ने नगर आयुक्त से मांगा जवाब
आठ प्रमुख स्थानों की समस्याओं को लेकर उठाए गए कदमों का हुआ खुलासा, केवल विभागीय पत्राचार से नहीं होगा समाधान, धरातल पर कार्रवाई की मांग
गिरिडीह।शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और सड़क पर आवागमन में बाधा बन रहे विद्युत पोल सहित अन्य समस्याओं को दूर करने के लिए नगर निगम प्रशासन की कार्रवाई अब तक पूरी नहीं हो सकी है। इसका खुलासा सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी से हुआ है। आरटीआई से मिली जानकारी के बाद सिविल सोसाइटी गिरिडीह ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।
दरअसल, शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, प्रमुख चौक-चौराहों को अतिक्रमणमुक्त करने तथा अव्यवस्थित विद्युत पोल और अन्य बाधाओं को हटाने के उद्देश्य से सिविल सोसाइटी ने 3 सितंबर 2026 को पत्रांक 419/2025-26 के माध्यम से नगर निगम प्रशासन को आठ प्रमुख स्थानों की समस्याओं से अवगत कराया था। साथ ही इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई करने की मांग की गई थी।
नगर निगम ने इस दिशा में क्या कदम उठाए, इसकी वास्तविक स्थिति जानने के लिए सिविल सोसाइटी के महासचिव शंकर पांडेय ने 29 अक्टूबर 2026 को सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत विस्तृत जानकारी मांगी। इसके जवाब में नगर निगम के जन सूचना पदाधिकारी ने पत्रांक 1980, दिनांक 25 नवंबर 2026 के माध्यम से कार्रवाई का ब्योरा उपलब्ध कराया।
नगर निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार गांधी चौक, पुरानी नगर पालिका कार्यालय के सामने, कालीबाड़ी-बीबीसी रोड टर्निंग और टावर चौक पर विद्युत पोल आदि हटाने अथवा स्थानांतरित करने के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजा गया है। वहीं कालीबाड़ी-चंदौरी रोड टर्निंग पर नाली के पुनर्स्थापन और फल दुकान हटाने तथा बरगंडा चौक स्थित दुर्गा मंडप के बाहर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जानकारी दी गई है।
बड़ा चौक पर दुकान से संबंधित कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है, जबकि वहां स्थित कुएं की सुरक्षा को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। दूसरी ओर मुस्लिम बाजार स्थित गद्दी मोहल्ला मोड़ पर लगे हाईमास्ट को तकनीकी कारणों से स्थानांतरित करना संभव नहीं बताया गया है।
सिविल सोसाइटी ने उठाए सवाल
आरटीआई से मिली जानकारी के बाद सिविल सोसाइटी ने सवाल उठाया है कि क्या संबंधित विभागों को केवल पत्र भेज देना ही जनसमस्याओं का समाधान है? शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात बाधित होने, अतिक्रमण और असुरक्षित संरचनाओं से जुड़ी समस्याओं का वास्तविक समाधान आखिर कब होगा?
सिविल सोसाइटी ने नगर आयुक्त एवं संबंधित विभागों से मांग की है कि सभी आठ स्थानों का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कराया जाए और लंबित समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। असुरक्षित कुएं को तकनीकी मानकों के अनुरूप सुरक्षित करने, अतिक्रमण की पुनरावृत्ति रोकने तथा जहां तकनीकी बाधा है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।
कार्रवाई नहीं हुई तो उठाए जाएंगे कानूनी कदम
सिविल सोसाइटी ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षित और सुगम आवागमन केवल सुविधा का विषय नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन और सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। संविधान के अनुच्छेद 21 की भावना के अनुरूप नागरिकों के जीवन और सुरक्षा की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसे में केवल विभागीय पत्राचार के आधार पर प्रशासनिक दायित्व पूरा नहीं माना जा सकता।
सिविल सोसाइटी ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र धरातल पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो इस मामले को उच्च प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा। इसके साथ ही विधिसम्मत कानूनी एवं प्रशासनिक कदम भी उठाए जाएंगे।
सिविल सोसाइटी के महासचिव शंकर पांडेय ने दो टूक कहा कि शहर की जनता को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का धरातल पर समाधान चाहिए।

