केतार के युवक की कर्नाटक में सड़क हादसे में मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

केतार में पलायन ने ली एक और जान। बेलगाम में सड़क हादसे में अच्छिया टोला के युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

केतार/गढ़वा केतार प्रखंड में पलायन एक बार फिर काल बनकर सामने आया है। परती कुशवानी पंचायत के अच्छिया टोला निवासी नंदलाल यादव के 29 वर्षीय पुत्र रवि रंजन यादव की कर्नाटक के बेलगाम में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार रवि रंजन यादव रोजगार की तलाश में कर्नाटक के बेलगाम में रहकर काम कर रहा था। काम के दौरान ही वह सड़क हादसे का शिकार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हुबली रेफर कर दिया। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था, हुबली ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया,
रवि अपने पीछे बूढ़े माता-पिता, पत्नी और दो छोटे-छोटे मासूम बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गया। परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। जिस घर में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, आज वहां चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा है। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
पलायन पर बड़ा सवाल इस दर्दनाक मौत ने एक बार फिर भवनाथपुर विधानसभा में पलायन और बेरोजगारी की कड़वी सच्चाई को उजागर कर दिया है। गांव के लोगों में भारी आक्रोश है।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में रोजगार का कोई साधन नहीं है। हर चुनाव में जनप्रतिनिधि “पलायन रोकेंगे, युवाओं को यहीं रोजगार देंगे” का वादा कर वोट ले लेते हैं और जीत जाते हैं, लेकिन जीतने के बाद पलायन रोकने में पूरी तरह असफल साबित होते हैं। अगर स्थानीय स्तर पर ही रोजगार होता तो रवि जैसे युवाओं को हजारों किलोमीटर दूर परदेश में जाकर अपनी जान नहीं गंवानी पड़ती।आखिर कब तक गरीब मजदूर युवा यूं ही परदेश में मरते रहेंगे और नेता सिर्फ वादे करते रहेंगे?