कार्तिक पूर्णिमा पर काली मंदिर में भंडारे का आयोजन, श्रद्धालुओं के बीच बांटा गया महाप्रसाद

कार्तिक पूर्णिमा पर काली मंदिर परिसर में भंडारा, श्रद्धालुओं के बीच बांटा गया महा प्रसाद

प्रखंड मुख्यालय स्थित काली मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन की पहल सुमित कुमार सिन्हा ने की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया तथा भंडारे के माध्यम से लोगों को भोजन कराया गया।
आयोजन में स्थानीय युवाओं और अन्य सहयोगियों ने उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी निभाई। पूरे कार्यक्रम के दौरान धार्मिक आस्था, सेवा और आपसी सहयोग का भाव देखने को मिला।
कार्तिक पूर्णिमा हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व रखने वाला पर्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है। इसे देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दीपदान, पूजा-पाठ और दान-पुण्य करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। सेवा, परोपकार और जरूरतमंदों को भोजन कराना भी इस पर्व की धार्मिक भावना से जुड़ा हुआ है।
इस अवसर पर सुमित कुमार सिन्हा ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा जैसे पावन अवसर पर धार्मिक आयोजन के साथ लोगों के बीच प्रसाद और भोजन का वितरण करना आत्मिक संतुष्टि का विषय है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव, सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। उन्होंने आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को हमेशा प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
उन्होंने यह भी संदेश दिया कि धार्मिक पर्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।आयोजन को सफल बनाने में मोहित, आदर्श, वंश, शशांक, साकेत, नव्या, वंशिका और छोटी सहित दर्जनों लोगों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।