पांडू में जनार्दन चौधरी की संदिग्ध मौत पर बेटे ने उठाए सवाल, एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग

पिता की संदिग्ध मौत पर बेटे ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

एंकर – पलामू। पांडू थाना क्षेत्र के बंदला पोखरा, कुटमू गांव निवासी जनार्दन चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के पुत्र रोहित कुमार ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए पलामू पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

रोहित कुमार के अनुसार, उनके पिता जनार्दन चौधरी 5 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद परिजनों ने पांडू थाना में गुमशुदगी की सूचना दी।

इसके बाद 8 अक्टूबर 2026 को बच्चों ने बैरिया टांड़ स्थित एक गड्ढे के पास उनका शव देखा। सूचना मिलने पर पांडू पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि खोजी कुत्ते को मृतक के कपड़े और चप्पल सुंघाए गए, जिसके बाद वह गांव के ही उद्देश विश्वकर्मा के घर तक पहुंचा।

रोहित कुमार का आरोप है कि इसके बाद पुलिस ने बबलू विश्वकर्मा, विकास विश्वकर्मा और चिता कुंवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। हालांकि, पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों को छोड़ दिया गया।

रोहित के मुताबिक, जब परिजनों ने थाने जाकर पूछताछ की तो उन्हें बताया गया कि हिरासत में लिए गए लोगों की घटना में संलिप्तता नहीं मिली है और जनार्दन चौधरी की मौत पानी में डूबने से हुई है।

लेकिन मृतक के पुत्र ने इस निष्कर्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस गड्ढे से उनके पिता का शव बरामद हुआ था, उसमें पानी की गहराई इतनी नहीं थी कि डूबने से मौत हो सके। उन्होंने पांडू थाना प्रभारी और मामले के अनुसंधानकर्ता पर निष्पक्ष जांच नहीं करने का आरोप लगाया है।

रोहित कुमार ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की जांच किसी अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी या विशेष जांच टीम से कराई जाए, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके और यदि कोई दोषी है तो उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई हो सके।

अब परिजनों को पुलिस की निष्पक्ष जांच और न्याय का इंतजार है।