चतरा की संस्था का मुंबई विश्वविद्यालय से समझौता, ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
चतरा के सिमरिया की संस्था ने मुंबई के एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय से मिलाया हाथ, ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को मिलेगा कौशल विकास का अवसर
शिक्षा, स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण को लेकर हुआ समझौता, दो वर्षों तक मिलकर काम करेंगी दोनों संस्थाएं
चतरा : चतरा जिले के सिमरिया से संचालित डब्ल्यूसीएसएफ चैरिटीस्पिरिट फाउंडेशन ने शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्था ने मुंबई स्थित एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय के आजीवन शिक्षा एवं विस्तार विभाग के साथ सामाजिक एवं सामुदायिक विकास को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है। 23 नवंबर 2026 को मुंबई के चर्चगेट स्थित विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने इस साझेदारी को अंतिम रूप दिया।
कार्यक्रम में फाउंडेशन की निदेशक श्रीमती अर्पणा लकड़ा और सचिव जितेंद्र कुमार वर्मा सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इस समझौते के समन्वय में शेप फाउंडेशन और ग्लोबटेक पावर फाउंडेशन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस साझेदारी का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद समुदायों को शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इसके तहत कौशल विकास प्रशिक्षण, प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम, स्वरोजगार और आजीविका से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। साथ ही विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशिक्षण, व्यावहारिक अनुभव और सामाजिक कार्यों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
समझौते के तहत विश्वविद्यालय शैक्षणिक मार्गदर्शन, विशेषज्ञों एवं प्राध्यापकों का सहयोग तथा संस्थागत सहायता उपलब्ध कराएगा। वहीं डब्ल्यूसीएसएफ फाउंडेशन अपने क्षेत्रीय नेटवर्क और सामाजिक कार्यों के अनुभव के आधार पर कार्यक्रमों का संचालन करेगी। स्वीकृत पाठ्यक्रम पूरा करने वाले प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों के अनुसार प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देने और ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक विकास से जुड़े विषयों पर शोध, कार्यशाला एवं संगोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि डब्ल्यूसीएसएफ चैरिटीस्पिरिट फाउंडेशन का मुख्यालय चतरा जिले के सिमरिया में है। संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण, ग्रामीण विकास और कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। निदेशक अर्पणा लकड़ा एवं सचिव जितेंद्र कुमार वर्मा ने इस समझौते को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सहयोग और संस्था के जमीनी अनुभव से ग्रामीण महिलाओं एवं युवाओं के लिए विकास के नए अवसर तैयार होंगे।
दोनों संस्थाओं के बीच समझौते की अवधि प्रारंभिक रूप से दो वर्ष रखी गई है। आपसी सहमति से इसकी अवधि बढ़ाई जा सकेगी। इस पहल से चतरा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

