जन शिक्षण संस्थान गढ़वा में जनजातीय गौरव दिवस पर भव्य समारोह, सफल प्रशिक्षणार्थियों को मिला सम्मान
जन शिक्षण संस्थान गढ़वा में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित।
जन शिक्षण संस्थान, गढ़वा के द्वारा ‘जनजातीय गौरव दिवस’ एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन मुस्कान प्रवीण ने किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यकारिणी समिति के सचिव एवं विकास भारती बिशुनपुर के क्षेत्रीय समन्वयक श्री धनंजय कुमार कश्यप तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उद्योग विभाग के समन्वयक श्री महेंद्र विश्वकर्मा उपस्थित रहे।
अतिथियों का स्वागत जन शिक्षण संस्थान गढ़वा के निदेशक प्रशांत कुमार मिश्रा द्वारा पुष्प गुच्छ देकर किया गया साथ ही प्रशिक्षणार्थियों ने पारंपरिक लोकनृत्य एवं गीत के साथ किया।
अतिथियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित किया, कार्यक्रम की शुरुआत की गई जिसके बाद निदेशक ने विषय प्रवेश कराया।
प्रशिक्षणार्थियों ने “धन धन रे छोटा नागपुर”,
“मोर सुंदर झारखंड रे”
और “स्वर्ग जैसन सुंदर लागे हमार झारखंड”
पर सामूहिक नृत्य के साथ “बेटी हूं मैं बेटी तारा बनूंगी” पर नृत्य तथा भिखारी ठाकुर रचित “बेटी बेचवा” गीत की प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशिक्षक ललिता कुमारी (आदिवासी क्षेत्रों में सराहनीय कार्य), अनुराधा देवी (‘ट्रेनर ऑफ द मंथ’), चिंता देवी (स्थापना काल से निरंतर सेवा) तथा पूर्व प्रशिक्षणार्थी आशियाना प्रवीण (सफल व्यवसायी बनने पर) को सम्मानित किया गया।
विशिष्ट अतिथि महेंद्र विश्वकर्मा ने स्वरोजगार व उद्यमिता पर बल दिया, जबकि मुख्य अतिथि धनंजय कुमार कश्यप ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों व कौशल विकास के महत्व पर विचार रखे। अंत में प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और कार्यक्रम पदाधिकारी श्री राकेश कुमार पाठक ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।


