झारखंड स्थापना दिवस पर गिरिडीह झामुमो कार्यालय में मनी बिरसा जयंती, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

गिरिडीह। झारखंड स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रविवार, 15 नवंबर को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके संघर्ष, बलिदान और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ चलाए गए आंदोलन को याद किया।
कार्यक्रम में झामुमो के जिला अध्यक्ष संजय सिंह, दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्वेता शर्मा एवं उनकी बेटी सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस और समाज के प्रति समर्पण की मिसाल है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के बताए रास्ते पर चलने तथा उनके सपनों के झारखंड के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। इसके बाद सभी पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बिरसा चौक पहुंचे, जहां धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और सम्मान का माहौल बना रहा।

You may have missed