छठ महापर्व पर धुरकी थाना प्रभारी ने किया पूजन सामग्री का वितरण, पुलिसकर्मियों की पहल की हो रही सराहना

छठ महापर्व पर धुरकी थाना प्रभारी ने किया पूजन सामग्री का वितरण, पुलिसकर्मियों की पहल की हो रही सराहना

धुरकी प्रतिनिधि।। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा के शुभ अवसर पर धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने शनिवार को थाना परिसर में पूजन सामग्री का वितरण किया। इस दौरान थाना प्रभारी ने छठ महापर्व की महत्ता को देखते हुए पूजा से जुड़ी सामग्री वितरित कर पर्व की खुशियां साझा कीं। पुलिस प्रशासन की इस पहल से छठ व्रतियों और स्थानीय लोगों के बीच सकारात्मक संदेश गया। वहीं थाना परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर पुलिसकर्मियों में भी उत्साह का माहौल देखा गया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने कहा कि छठ महापर्व झारखंड और बिहार सहित देश के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमें स्वच्छता, अनुशासन, त्याग, समर्पण और सामाजिक एकता का संदेश देता है। छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना के इस महापर्व में लोग पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना करते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का दायित्व केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम जनता के साथ बेहतर संबंध स्थापित करना और सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता निभाना भी है। कार्यक्रम में एसआई सुभाष कुमार अकेला, एसआई अजय कुमार, मुंशी संजय पाठक, मिथलेश कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर फुलेंद्र बैठा सहित थाना के अन्य कर्मी मौजूद रहे।
चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य की विशेष परंपरा है।