160 छठ व्रतियों के घर पहुंचे वार्ड पार्षद अजय रजक, परिवार के साथ बांटी पूजा सामग्री, लिया सबका कुशलक्षेम
*160 छठ व्रतियों के घर पहुंचे वार्ड पार्षद अजय रजक, परिवार के साथ बांटी पूजा सामग्री, लिया सबका कुशलक्षेम
गिरिडीह। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 अंतर्गत सिरसिया में वार्ड पार्षद अजय रजक ने अपने पूरे परिवार के साथ छठ व्रतियों के बीच पूजा सामग्री का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड के कुल 160 छठ व्रतियों के घर पहुंचकर साड़ी, धोती, नारियल एवं डलिया सजाने की सामग्री भेंट की। साथ ही सभी छठ व्रतियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनका कुशलक्षेम भी जाना।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद अजय रजक ने कहा कि छठी मैया की कृपा वार्ड संख्या 12 की जनता के साथ-साथ पूरे देशवासियों पर बनी रहे। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों से लगातार प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर वे छठ व्रतियों के बीच पूजा सामग्री का वितरण करते आ रहे हैं। इस पहल के माध्यम से उन्हें लोगों का अपनापन, स्नेह और आशीर्वाद मिलता है, जो उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता, समर्पण और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर जरूरतमंद व्रतियों के बीच सहयोग कर उन्हें आत्मिक संतुष्टि मिलती है।
इस दौरान मुकेश पंडित, प्यारे पंडित, अमरनाथ, ओम कुमार, रितेश रंजन, राजू दास, शिवा रजक, शंकर कुमार सहित कई कार्यकर्ता अजय रजक के साथ मौजूद रहे।

