लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारी जोरों पर: पांकी में प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा और सतर्कता के दिए कड़े निर्देश
लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारी जोरों पर: पांकी में प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा और सतर्कता के दिए कड़े निर्देश
पांकी (पलामू): लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पांकी प्रखंड क्षेत्र में तैयारियां जोरों पर हैं। पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
गुरुवार की दोपहर लेस्लीगंज पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (SDPO) प्रशांत कुमार, अंचलाधिकारी मारवाड़ी साहू और थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासनिक टीम ने सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लेने के लिए पांकी के कई महत्वपूर्ण छठ घाटों का दौरा किया। निरीक्षण किए गए प्रमुख घाटों में सोनरे नदी, अंबा नदी, मंगलपुर नवडीहा और अमानत बराज छठ घाट सहित अन्य प्रमुख जलस्रोतों के घाट शामिल रहे। अधिकारियों ने इन सभी स्थानों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के तमाम इंतजामों का जायजा लिया।
सुरक्षा और सतर्कता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा समितियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसे ध्यान में रखते हुए गहरे पानी वाले हिस्सों में बैरिकेडिंग करने, गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने और स्वयंसेवकों को हर वक्त मुस्तैद रखने की बात कही गई। इसके अलावा, घाटों तक पहुँचने वाले रास्तों को दुरुस्त करने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पर्व के दौरान किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

