जावा क्रिकेट क्लब ने चैलेंजर्स क्रिकेट क्लब को 124 रनों से दी करारी शिकस्त

जावा क्रिकेट क्लब ने चैलेंजर्स क्रिकेट क्लब को 124 रनों से दी करारी शिकस्त

राहुल कुमार ने बल्ले से जड़ा शतक, गेंदबाजी में भी बरपाया कहर; बने मैन ऑफ द मैच

गढ़वा। जिला क्रिकेट लीग के तीसरे मुकाबले में जावा क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैलेंजर्स क्रिकेट क्लब को 124 रनों से करारी शिकस्त दी। मैच में जावा क्रिकेट क्लब के राहुल कुमार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतक जड़ा और बाद में गेंदबाजी में चार विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जावा क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में सभी विकेट खोकर 311 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से राहुल कुमार ने शानदार 117 रनों की शतकीय पारी खेली, जबकि विशाल कुमार ने 66 रन और ध्रुव कुमार ने 21 रनों का योगदान दिया। चैलेंजर्स क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए शिवम कुमार और आर्यन कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए।

312 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चैलेंजर्स क्रिकेट क्लब की टीम जावा के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 25.4 ओवर में 187 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जावा क्रिकेट क्लब की ओर से राहुल कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए, जबकि तम्मय कुमार ने तीन विकेट हासिल किए। इस तरह जावा क्रिकेट क्लब ने 124 रनों से शानदार जीत दर्ज की।

मैच में बल्ले और गेंद दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले राहुल कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार अनीता दत्ता ने प्रदान किया।