दीपावली पर गिरिडीह के बाजारों में फूलों की बहार, सस्ते दामों पर जमकर हुई खरीदारी

गिरिडीह। दीपावली की सुबह गिरिडीह शहर के प्रमुख बाजारों में रौनक देखने को मिली। बड़ा चौक, कालीबाड़ी, टावर चौक समेत शहर के विभिन्न इलाकों में फूलों की दुकानें आकर्षक ढंग से सज गईं। सुबह से ही फूलों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बाजारों में उमड़ने लगी। घरों की सजावट और मां लक्ष्मी की पूजा के लिए लोग गेंदा, कमल समेत विभिन्न प्रकार के फूल और पूजन सामग्री खरीदते नजर आए।
दीपावली के अवसर पर फूलों की मांग को देखते हुए दुकानदारों ने भी विशेष तैयारियां की थीं। बाजार में गेंदा फूल 400 रुपये कोड़ी से लेकर 700 रुपये तक बिक रहे थे। वहीं कमल का फूल 2 से 5 रुपये प्रति पीस की दर से उपलब्ध था। इसके अलावा केले के पत्ते वाले पौधे के जोड़े 50 रुपये से लेकर 500 रुपये तक में बेचे जा रहे थे।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार गेंदा फूल की कीमतों में कमी देखने को मिली। कम दाम होने के कारण लोगों ने जमकर फूलों की खरीदारी की। बाजार में सुबह से ही चहल-पहल बनी रही। दीपावली के उत्साह के बीच फूलों की खरीदारी ने शहर के बाजारों की रौनक और बढ़ा दी। घरों और पूजा स्थलों को सजाने के लिए लोगों में खासा उत्साह नजर आया।

You may have missed