सिटी न्यूज़ की खबर का असर, डाल्टनगंज बस स्टैंड से एक क्विंटल संदिग्ध मिठाई जब्त
सिटी न्यूज़ की खबर पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, बस स्टैंड से एक क्विंटल संदिग्ध मिठाई जब्त
मेदिनीनगर (पलामू)। डाल्टनगंज बस स्टैंड में कथित तौर पर हानिकारक रंगों और रसायनों से तैयार मिठाइयों की बिक्री को लेकर सिटी न्यूज़ झारखंड द्वारा प्रमुखता से खबर प्रसारित किए जाने के बाद खाद्य विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने आज बस स्टैंड स्थित विभिन्न दुकानों से लगभग एक क्विंटल अलग-अलग प्रकार की मिठाइयां जब्त की हैं। जब्त मिठाइयों की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
सिटी न्यूज़ ने पिछले दिनों अपनी खबर के माध्यम से बस स्टैंड में बिक रही संदिग्ध मिठाइयों के सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित दुष्प्रभावों को उजागर किया था। खबर पर संज्ञान लेते हुए खाद्य विभाग ने यह कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान खाद्य पदाधिकारी ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाकर संदिग्ध और मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है। बस स्टैंड में बिक रही मिठाइयों में इस्तेमाल किए जा रहे रंग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं। इनके सेवन से लोगों की सेहत पर गंभीर प्रभाव पड़ने की आशंका है।
खाद्य पदाधिकारी ने मिठाइयों की पैकिंग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि कई पैकेटों पर न तो निर्माण तिथि अंकित है और न ही इस्तेमाल किए गए रसायनों की स्पष्ट जानकारी दी गई है। मिठाइयों की गुणवत्ता और पैकिंग देखकर भी अनियमितताएं सामने आई हैं।
उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य विभाग ऐसे अभियान आगे भी जारी रखेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

