बगोदर-सरिया रोड पर दर्दनाक हादसा, बालू लदे ट्रैक्टर की टक्कर से 13 वर्षीय मोहित की मौत, तीन महिलाएं घायल
गिरिडीह। बगोदर-सरिया रोड पर दोन्दलो गांव के निकट सोमवार को बालू लदे ट्रैक्टर और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 13 वर्षीय मोहित रविदास की मौ,त हो गई, जबकि तीन महिलाएं घायल हो गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, बालू लदा ट्रैक्टर सरिया से बगोदर की ओर आ रहा था। इसी दौरान उसने सड़क किनारे खड़े टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टेंपो पर बैठने जा रहे मोहित रविदास टक्कर की चपेट में आकर उछलकर सड़क किनारे खेत में जा गिरे।
हादसे में अनिता देवी, रीना देवी और रश्मि देवी भी घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बगोदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मोहित रविदास को मृ*त घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अनिता देवी और रीना देवी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया, जबकि रश्मि देवी का वहीं उपचार किया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में शोक और आक्रोश देखा गया। बगोदर-सरिया मार्ग पर बालू लदे ट्रैक्टरों की तेज रफ्तार आवाजाही को लेकर पहले से ही स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

