बोकारो में साधु के भेष में ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, महिला का मंगलसूत्र और सोने के टॉप्स बरामद
बोकारो में साधु बनकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों ने एक महिला को पारिवारिक परेशानियां दूर करने का झांसा देकर उसका सोने का मंगलसूत्र और कान के टॉप्स ठग लिए। इसके बदले महिला को पीतल के लॉकेट की पोटली थमा दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बालीडीह रेलवे स्टेशन के पास बने तंबू से गिरफ्तार किया है। दोनों बिहार के गया जिले के रहने वाले हैं।
घटना 28 अक्टूबर की सुबह कैंप-2 इलाके की है। साधु के वेश में दोनों आरोपी बबीता कुमारी के घर पहुंचे और भोजन मांगा। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी पारिवारिक परेशानियां बताईं, तो आरोपियों ने उन्हें दूर करने का भरोसा दिया। उन्होंने गहनों पर आशीर्वाद देने और मंत्र फूंकने की बात कहकर महिला से मंगलसूत्र और सोने के टॉप्स ले लिए।
इसके बाद आरोपियों ने हाथ की सफाई से असली गहनों की जगह 10 पीस पीतल के लॉकेट की पोटली थमा दी और शाम 5 बजे से पहले उसे नहीं खोलने की चेतावनी दी। शाम को पोटली खोलने पर महिला को ठगी का पता चला और उन्होंने बीएस सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर सोने के गहने बरामद कर लिए। पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले एक साल से इस तरह की ठगी कर रहे थे। अब उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

