तेलोडीह में फुटबॉल का रोमांच: बुढ़ियाखाद और घुटिया ने फाइनल में बनाई जगह, 2 नवंबर को खिताबी भिड़ंत
तेलोडीह में फुटबॉल का रोमांच: बुढ़ियाखाद और घुटिया ने फाइनल में बनाई जगह, 2 नवंबर को खिताबी भिड़ंत
तेलोडीह: फुटबॉल क्लब तेलोडीह द्वारा आयोजित तीन दिवसीय भव्य फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन मैदान पर रोमांच चरम पर रहा। शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल कौशल से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
पहले सेमीफाइनल मैच में डिवाइन एफसी क्लब बुढ़ियाखाद ने आक्रामक खेल दिखाते हुए युवा क्लब खुट्टा को 2-0 से शिकस्त देकर सीधे फाइनल में प्रवेश किया।
वहीं, दूसरा मुकाबला बेहद कड़ा और सांसें थाम देने वाला रहा। एबीसी क्लब घुटिया और जीएमएफसी क्लब बरवाडीह के बीच निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर छूटा। इसके बाद परिणाम के लिए टाई-ब्रेकर का सहारा लिया गया, जिसमें एबीसी क्लब घुटिया ने शानदार संयम दिखाते हुए 2 गोल से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
टूर्नामेंट का महामुकाबला (फाइनल) 2 नवंबर को दोपहर 2:00 बजे स्थानीय अखाड़ा मैदान, तेलोडीह में डिवाइन एफसी क्लब बुढ़ियाखाद बनाम एबीसी क्लब घुटिया के बीच खेला जाएगा।
मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए मुखिया शब्बीर आलम, पंचायत समिति सदस्य आमिर अली, शमशाद अंसारी, वार्ड सदस्य तस्लीम आरिफ तथा आयोजन समिति के अध्यक्ष इकबाल अंसारी समेत कमेटी के सभी सदस्य और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

