भंडरिया में 70 श्रमिकों का हुआ निबंधन, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
भंडरिया में 70 श्रमिकों का हुआ निबंधन, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
भंडरिया। प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में सोमवार को श्रमिक निबंधन को लेकर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अस्लेवर कुमार, रंका के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अरुण कुमार यादव एवं पंचायत सचिव विकास कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यशाला में श्रमिकों को श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अस्लेवर कुमार ने कहा कि झारखंड सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही है। निबंधित प्रवासी एवं असंगठित श्रमिकों की प्रदेश से बाहर सामान्य मृत्यु होने पर शव लाने के लिए 50 हजार रुपये तक की सहायता तथा दुर्घटना में मृत्यु होने पर दो लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान है।
वहीं, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अरुण कुमार यादव ने श्रमिकों को निबंधन के महत्व और विभागीय योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि पात्रता के अनुसार निबंधित श्रमिकों को टूल किट, साइकिल समेत अन्य योजनाओं का लाभ मिल सकता है। उन्होंने सभी श्रमिकों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए निबंधन कराने की अपील की।
कार्यशाला के दौरान कुल 70 प्रवासी, निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों का निबंधन किया गया। मौके पर नानंदेव सिंह, कुणाल दास, विनोद खरवार, वीरेंद्र कोरवा, महेश यादव, राम साव सहित कई श्रमिक उपस्थित थे।

