खासमहाल समस्या का शीघ्र होगा समाधान, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने दिया भरोसा
शहर में खास महल की समस्या का होगा शीघ्र निदान , वित्त मंत्री
पलामू जिला व्यावसायिक संघ के 60 वर्ष पूरा होने पर मनाई गई हीरक जयंती
मेदिनीनगर (पलामू)
पलामू जिला व्यवसायी संघ की हीरक जयंती समारोह रविवार को शहर के होटल आरडीएस में हर्षोल्लास संपन्न हुआ। संघ के 60 वर्ष पूरे होने पर आयोजित हीरक जयंती समारोह के मुख्य अतिथि राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने व्यवसायियों की मांग पर खासमहाल की समस्या का शीघ्र समाधान करने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि खास महल की समस्या शहर के व्यवसाईयों के लिए एक बड़ी चुनौती है खासमहाल की समस्या का समाधान होगा या राधाकृष्ण किशोर मंत्री नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार व्यवसायी को केवल व्यवसायी नहीं समझती है व्यवसाय हमारे देश की केवल अर्थव्यवस्था की रीढ़ ही नहीं हैं, बल्कि देश को संभालने में भी उनकी बड़ी भूमिका है। व्यवसायियों की समस्याओं का समाधान और उनके लिए बेहतर माहौल को तैयार करना जरूरी है। । उन्होंने कहा कि जाति-धर्म से ऊपर उठकर काम करने से ही विकास की लंबी लकीर खींची जा सकती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनके कार्यों से पलामू का गौरव बढ़ेगा। पिछले डेढ़ वर्षों में उन्होंने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया है। वित मंत्री ने पलामू में अपराध और उग्रवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात भी कही। वित्त मंत्री ने राज्य की आर्थिक स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि विकास के लिए राज्य का अपना राजस्व बेहद जरूरी है। राज्य को अपने कर राजस्व के साथ केंद्रीय करों में हिस्सेदारी मिलती है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इनके कारण झारखंड को प्रतिवर्ष करीब 22 हजार करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। जीएसटी व्यवस्था से भी राज्य को लगभग चार हजार करोड़ रुपये का नुकसान होने की बात कही। उन्होंने कहा कि झारखंड के संसाधनों का लाभ राज्य को मिलना चाहिए, जबकि खनन से होने वाले प्रदूषण का बोझ भी राज्य को उठाना पड़ता है। पलामू जिला व्यावसायिक संघ के जिलाध्यक्ष प्रभात अग्रवाल ने स्वागत भाषण में कहा कि करीब 60 वर्ष पहले अकाल पड़ने पर तत्कालीन उपायुक्त की पहल पर व्यवसायियों ने 50 पैसे में भोजन उपलब्ध कराना शुरू किया था। यह सेवा लंबे समय तक चली। उन्होंने वित्त मंत्री के समक्ष व्यवसायियों की समस्याएं और संघ की मांगें रखीं। इनमें खासमहाल समस्या का समाधान, व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए आर्म्स लाइसेंस की सुविधा, बाजार क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय करना और संघ के भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता शामिल है। रामदास साहू ने कहा कि खासमहाल की समस्या से शहरवासियों को जल्द निजात दिलाने की जरूरत है। संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है । अविनाश देव ने कहा कि व्यवसाय के बिना किसी समाज और राष्ट्र का विकास संभव नहीं है। उन्होंने व्यवसायियों को स्वतंत्र रूप से काम करने का अवसर देने और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। समारोह में संघ के 60 वर्षों के सफर और व्यवसायियों के योगदान को याद किया गया। इस दौरान करीब 40 लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन रोहिणी सिंह ने किया। मौके पर विशिष्ट अतिथि सुरेश जैन, मंगल सिंह, अविनाश देव, कौशल किशोर जायसवाल, कृष्ण मोहन पांडेय, रामदास साहू और गणेश गिरी समेत अन्य लोग उपस्थित थे। महासचिव अनुपम तुलस्यान सहित संघ के पदाधिकारियों ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


