गिरिडीह में कांग्रेस को मजबूती, पाठकहीर में 250 से अधिक महिलाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की

गिरिडीह। सदर प्रखंड के पाठकहीर में कांग्रेस जिला अध्यक्ष सतीश केडिया और दुर्गा शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में नई सदस्य बनी महिलाओं को पट्टा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया गया। बताया गया कि ढाई सौ से अधिक महिलाओं ने सदस्यता ली।
कार्यक्रम में कांग्रेस के युवा जिला अध्यक्ष मो. सोहेल इराकी, मनीर आलम, ऋचा केडिया, मो. शाहनवाज आलम और यशोदा देवी समेत पार्टी के अनेक नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने पार्टी से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया और उनकी समस्याओं व जरूरतों को सुना। महिलाओं ने अपनी विभिन्न परेशानियों से अवगत कराया, जिस पर नेताओं ने समाधान हेतु आवश्यक पहल और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर महिलाओं की संगठन में भागीदारी बढ़ाने और उनकी आवाज को मजबूती देने पर विशेष जोर दिया गया। दुर्गा शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं का पार्टी से जुड़ना क्षेत्र में कांग्रेस की सक्रियता और जनसंपर्क विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
जिला अध्यक्ष सतीश केडिया और ऋचा केडिया ने कहा कि महिलाएं समाज और संगठन की ताकत हैं। उनकी समस्याओं को सुनना और समाधान के प्रयास करना सामाजिक एवं राजनीतिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। उन्होंने महिलाओं के मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा संगठन में उन्हें उचित स्थान और सम्मान देने पर बल दिया।
युवा जिला अध्यक्ष मो. सोहेल इराकी ने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और उनकी समस्याओं के समाधान हेतु सामूहिक प्रयासों को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से महिलाओं की आवाज को मजबूती देने और उनके मुद्दों को उचित मंच तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई। सदस्यता लेने वालों में वार्ड सदस्य यशोदा देवी, उर्मिला देवी, संतोषी देवी, संजनी देवी, राधिका कुमारी, मुस्कान कुमारी, पिंकी देवी, राखी देवी, रिंकी देवी, अनुराधा कुमारी, निर्मला देवी, शीला देवी, सुखलाल मलिक, काजल कुमारी, गीता देवी, गुड़िया देवी, ज्योति कुमारी, अनु कुमारी, श्यामलता देवी, शर्मिला देवी और कांति देवी प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

You may have missed