गिरिडीह में विकास योजनाओं की DC रामनिवास यादव ने की समीक्षा, लापरवाही और देरी पर सख्त निर्देश
गिरिडीह। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने बुधवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में संबंधित विभागों के तकनीकी पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक कर SCA, DMFT, Untied सहित अन्य मदों के तहत संचालित विकास योजनाओं तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 की योजनाओं की प्रगति एवं पूर्णता की स्थिति का आकलन किया।
बैठक में योजनावार भौतिक प्रगति, कार्यों की पूर्णता, लंबित मामलों तथा क्रियान्वयन में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब, लापरवाही अथवा गुणवत्ता से जुड़ी अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि योजनाओं की स्वीकृति का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ लक्षित क्षेत्र एवं आमजनों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उन्होंने पूर्ण हो चुकी योजनाओं से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र निष्पादित करने तथा अपूर्ण योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने को कहा।
बाधित योजनाओं के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने अनावश्यक पत्राचार एवं प्रक्रियागत विलंब से बचते हुए समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला योजना पदाधिकारी, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, तकनीकी अधिकारी तथा विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

