दिल्ली के लाल किला मैदान में भव्य रावण दहन, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और यामी गौतम रहे शामिल

राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला मैदान में 20 अक्टूबर को आयोजित विश्व प्रसिद्ध लव कुश रामलीला का दशहरा उत्सव भव्यता के साथ संपन्न हुआ। विजयादशमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम और फिल्म निर्माता-निर्देशक आनंद एल राय ने बुराई के प्रतीक पुतलों का दहन किया। वहीं, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी रावण दहन कर विजयादशमी के उत्सव में भाग लिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे। रावण दहन के दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस वर्ष लव कुश रामलीला की थीम ‘महिला सम्मान’ रखी गई थी। इसी क्रम में अभिनेत्री यामी गौतम को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। उन्होंने बुराई के प्रतीक पुतले पर तीर चलाकर नारी शक्ति, साहस और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।

लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने कहा कि उपराष्ट्रपति की उपस्थिति से आयोजन की गरिमा बढ़ी है।

You may have missed