मेराल में सप्तमी पर खुले मां दुर्गा के पट, दर्शन के लिए पूजा पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

मेराल मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्र के सभी पूजा पंडालों में शारदीय नवरात्र के सप्तमी तिथि शनिवार को वैदिक मंत्रोंचार के साथ पट खुलते ही श्रद्धालुओं की आदिशक्ति जगत जननी मां श्रीदुर्गा के दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वैदिक मंत्रोच्चार, शंख और घंटों की गूंज के बीच श्रद्धालु मां की आराधना में लीन हो गए। महासप्तमी के अवसर पर वैदिक अनुष्ठान के साथ प्रतिमाओं में प्राण-प्रतिष्ठा की गई। इसके बाद मां दुर्गा का पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया।

मां जगत जननी की भव्य झलक पाने के लिए श्रद्धालु पूजा पंडालों में कतारबद्ध होकर पहुंचे। पंडालों में दीप, धूप और फूलों से सजी मां दुर्गा की प्रतिमाएं भक्तों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। वही मेराल बस स्टैंड,पुरानी बाजार, हासनदाग देवी धाम, देवगाना, पेस्का, बाना आदि जगहों पर आकर्षक पूजा पंडाल बनाया गया है जो आकर्षण का केंद्र है। इसके अलावा प्रखंड क्षेत्र के कई जगहों पर
महिलाओं ने कलश यात्रा में शामिल होकर पूजा-अर्चना में भाग लिया, वही सायंकालीन आरती में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।