सतगावां में दुर्गा पूजा को लेकर फ्लैग मार्च, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
दुर्गा पूजा को लेकर सतगावां में निकला फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील
सिटी न्यूज़
सतगावां (कोडरमा)। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को सतगावां प्रखंड में प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। इसका नेतृत्व बीडीओ-सह-अंचल अधिकारी मनोज कुमार रवि एवं थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
फ्लैग मार्च नासरगंज मोड़ से शुरू होकर चांदडीह, रामडीह, समलडीह, बासोडीह सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए प्रमुख पूजा पंडालों तक पहुंचा। इस दौरान लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की गई।
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। फ्लैग मार्च में एसआई अरविंद सिंह, सरवन राम, एएसआई बलराम सिंह, मोहम्मद इस्राफील सहित बड़ी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।

