दुर्गापूजा को लेकर मेराल में पुलिस का फ्लैग मार्च, थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी ने सुरक्षा का दिलाया भरोसा

शारदीय नवरात्र,दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बुधवार को मेराल थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च मेराल थाना परिसर से शुरू हो कर पुलिस बल मेराल बस स्टैंड, बाजार और हॉस्पिटल चौक सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया। निर्धारित मार्ग से गुजरने के बाद फ्लैग मार्च पुनः मेराल थाना पहुंचकर संपन्न हो गया।
इस दौरान पुलिस प्रशासन की सक्रियता से आम लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया गया। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। फ्लैग मार्च का उद्देश्य असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना तथा आम नागरिकों के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों से दुर्गा पूजा का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का संदेश दिया गया।
मेराल पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की नजर रहेगी। पुलिस की इस पहल से दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की दिशा में सक्रियता देखने को मिल रही है। इस अवसर पर एस आई रवि कुमार,प्रेम प्रकाश पांडेय,दिनेश मुंडा ,अरविंद साव, हरिशंकर ओझा, एएसआई सुमेर तिवारी,अखिलेश्वर तिवारी, राजेंद्र बैठा,रबूल अंसारी, अखिलेश्वर सिंह, जितेंद्र कुमार रवि, रविंद्र कुमार पासवान विमलेश कुमार के अलावा सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।

You may have missed