गढ़वा के गायत्री शक्तिपीठ कल्याणपुर में जलयात्रा के साथ कलश स्थापना, श्रद्धालुओं ने लिया सामूहिक संकल्प

गायत्री शक्तिपीठ कल्याणपुर में जलयात्रा के साथ हुई कलश स्थापना

महिला-पुरूष श्रद्धालुओं ने लिया गायत्री साधना का सामूहिक संकल्प

गढ़वा : गायत्री शक्तिपीठ कल्याणपुर में रविवार को गायत्री परिजनों ने कलश स्थापना के साथ ही गायत्री जप अनुष्ठान के लिये सामूहिक रूप से संकल्प लिया. सामूहिक संकल्प में काफी संख्या में महिला-पुरूष श्रद्धालुओं ने भाग लिया. इस दौरान मनोज मेहता और शक्ति कुशवाहा ने मुख्य यजमान के रूप में देवपूजन किया. इसके पूर्व मंदिर परिसर से गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गयी. कलश यात्रा में शामिल महिला श्रद्धालुओं ने स्थानीय घीवा नदी में पहुंचकर वैदिक मंत्राच्चार के बीच वरूण देव का पूजन कर कलश में जल स्थापित किया. इसके पश्चात कलश को मंदिर में स्थापित किया गया. सुबह गायत्री मंदिर मे जिला समन्वयक विनोद पाठक ने सभी श्रद्धालुओं को सामूहिक संकल्प दिलाया. इस अवसर पर उन्होंने शारदीय नवरात्रि काल के दौरान गायत्री मंत्र जप के लाभ के विषय में विस्तार से जानकारी दी. श्री पाठक ने कहा कि शारदीय नवरात्रि वर्षा ऋतु और शरद ऋतु के संधि काल का समय होता है. इस समय सभी देव शक्तियां धरती के करीब होती हैं. इस समय जो भी साधक मंत्र का अनुष्ठान करता है, उसको इससे अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक लाभ मिलता है. इस दौरान साधकों को अनुशासित दिनचर्या का पालन करना चाहिये. नौ दिनों तक साधकों द्वारा किया जानेवाले आहार संयम से शरीर शुद्ध और स्वस्थ होता है. उन्होंने नवरात्रि काल में बाहरी खान-पान से पूरी तरह से परहेज रखने की सलाह दी. साथ ही घर में भी सात्विक आहार लेने को कहा. इस अवसर पर गायत्री परिवार के सरयू चंद्रवंशी, अखिलेश कुशवाहा, मिथिलेश कुशवाहा, अनिल विश्वकर्मा, अशोक विश्वकर्मा, गौतम विश्वकर्मा, ओम समिति के अध्यक्ष चंद्रमणि कुमार, सचिव संदीप विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष संत कुमार, संरक्षक रोहित शर्मा, सदस्य अजीत कुमार वर्मा, राममिलन विश्वकर्मा, शुभम चंद्रवंशी, उत्तम विश्वकर्मा, निखिल चंद्रवंशी, गौतम विश्वकर्मा, रिंकू चंद्रवंशी, पप्पू चंद्रवंशी, मनीष ठाकुर, हरिओम चंद्रवंशी, अनुराग कुशवाहा, पंकज ठाकुर आदि उपस्थित थे.