गिरिडीह में SIR-2026 को लेकर विशेष अभियान, सभी मतदान केंद्रों पर लगा मेगा हेल्प डेस्क कैंप
गिरिडीह में SIR-2026 को लेकर विशेष अभियान, सभी मतदान केंद्रों पर लगा मेगा हेल्प डेस्क कैंप
गिरिडीह जिले में मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और समावेशी बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप का आयोजन किया गया।
इस विशेष अभियान के माध्यम से मतदाताओं को मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। जिन पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाना है, दर्ज विवरण में सुधार कराना है या SIR-2026 से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी एवं सहायता चाहिए, वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मेगा हेल्प डेस्क कैंप का लाभ उठा सकते हैं।
इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता जानकारी के अभाव या किसी समस्या के कारण निर्वाचन प्रक्रिया से वंचित न रहे। साथ ही, मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने में आम नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा सके।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची से संबंधित अपने विवरण की जांच करें और आवश्यकता होने पर संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर सहायता प्राप्त करें।
जागरूक मतदाता, सशक्त लोकतंत्र!

