दशहरा से पहले अवैध शराब पर प्रशासन का शिकंजा, 750 लीटर चुलाई शराब बरामद
दशहरा से पहले अवैध शराब पर प्रशासन का शिकंजा, 750 लीटर चुलाई शराब बरामद
गिरिडीह। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने गावां थाना पुलिस के सहयोग से बरमसिया पिकेट क्षेत्र में छापेमारी कर 750 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की है।
प्रशासन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान बरामद शराब को नियमानुसार जब्त कर लिया गया। मामले में उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। वहीं, मामले से जुड़े फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस एवं उत्पाद विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दशहरा सहित आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिला प्रशासन ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी और निगरानी जारी रखने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व-त्योहार के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में विधि-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बना रहे।

