गिरिडीह में विशेष मेडिटेशन कार्यशाला, सैकड़ों लोगों ने ध्यान से महसूस की मानसिक शांति

गिरिडीह। लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलिट एवं सहज मेडिटेशन संस्था के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को रेड क्रॉस सोसाइटी भवन में विशेष मेडिटेशन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं आत्मिक संतुलन का अनुभव किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलिट के अध्यक्ष राहुल बर्मन ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में व्यक्ति शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति के लिए भी संघर्ष कर रहा है। ऐसे समय में नियमित ध्यान तनाव घटाने, एकाग्रता बढ़ाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और जीवन में संतुलन बनाए रखने में सहायक होता है।
राहुल बर्मन ने कहा कि मेडिटेशन केवल आंखें बंद करके बैठना नहीं, बल्कि स्वयं से जुड़ने और भीतर की सकारात्मक ऊर्जा को पहचानने की प्रक्रिया है। जब मन शांत रहता है, तो जीवन की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब का उद्देश्य केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को स्वस्थ, सकारात्मक और संतुलित जीवन की ओर प्रेरित करना भी है।
इस अवसर पर सहज मेडिटेशन संस्था के संचालक राहुल कृष्णा एवं सहज सहयोग समिति के सदस्यों ने उपस्थित लोगों को मेडिटेशन की प्रक्रिया, उसके लाभ एवं मानसिक शांति तथा आत्मिक संतुलन प्राप्त करने के तरीकों पर मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन अरविंद कुमार, लायन मसरूर आलम सिद्दीकी, डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन राजेश गुप्ता, लायन सब्बीर आलम, लायन सत्रू धन सिंह, लायन अरुण साव सहित लायंस क्लब के अनेक सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलिट ने सहज मेडिटेशन संस्था, राहुल कृष्णा जी, सहज सहयोग समिति के सदस्यों तथा रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रति आभार व्यक्त किया।