धुरकी रूपी सोरेन के निधन पर झामुमो प्रखंड कमिटी ने आयोजित की शोक सभा
धुरकी रूपी सोरेन के निधन पर झामुमो प्रखंड कमिटी ने आयोजित की शोक सभा
धुरकी प्रतिनिधि।। धुरकी प्रखंड मुख्यालय में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रखंड कमिटी धुरकी की ओर से दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा की अध्यक्षता झामुमो विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण प्रसाद यादव एवं प्रखंड अध्यक्ष इजराइल खान ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।शोक सभा में उपस्थित झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि रूपी सोरेन का निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने जीवन में परिवार के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक संघर्षों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्षपूर्ण राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा परिवार को मजबूती प्रदान की है
विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण प्रसाद यादव ने कहा कि रूपी सोरेन के निधन से झारखंड ने एक ममतामयी और संघर्षशील महिला को खो दिया है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में झामुमो परिवार शोक संतप्त सोरेन परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
प्रखंड अध्यक्ष इजराइल खान ने कहा कि रूपी सोरेन का स्नेह और मार्गदर्शन हमेशा पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने कहा कि उनके निधन से उत्पन्न हुई कमी को पूरा करना संभव नहीं है। झामुमो कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर झामुमो प्रखंड कमिटी के पदाधिकारी, पंचायत स्तर के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में पार्टी के समर्थक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि दुख की इस घड़ी में झामुमो परिवार सोरेन परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।

