मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन, झारखंड में शोक की लहर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन का निधन ।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन का बुधवार को निधन हो गया। रांची के बरियातू रोड स्थित हिल व्यू हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में उन्होंने रात करीब 8:30 बजे अंतिम सांस ली। वह करीब 80 वर्ष की थीं। सांस लेने में तकलीफ के बाद 18 सितंबर से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। हालत गंभीर होने पर बुधवार को उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
नहीं रहीं रूपी सोरेन, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां के निधन से शोक की लहर
रूपी सोरेन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक नेताओं में शामिल रहे दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी थीं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां के निधन की खबर सामने आते ही सोरेन परिवार, झामुमो कार्यकर्ताओं और राज्य के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
रूपी सोरेन पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। सितंबर में सांस लेने में परेशानी के बाद उन्हें रांची के हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनका इलाज बाहर भी कराया गया था। बुधवार को उनकी हालत गंभीर होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने कई कार्यक्रम स्थगित कर दिए और अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से अपनी मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
रूपी सोरेन का झारखंड के राजनीतिक-सामाजिक जीवन से भी जुड़ाव रहा। वर्ष 1999 में उन्होंने अविभाजित बिहार के दौरान दुमका लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था। पति शिबू सोरेन के निधन के बाद वह परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनी रहीं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए यह व्यक्तिगत रूप से बेहद कठिन समय है। पिता शिबू सोरेन के निधन के करीब एक वर्ष बाद अब मां रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार को दूसरी बड़ी पारिवारिक क्षति हुई है। शिबू सोरेन का 4 अगस्त 2025 को निधन हुआ था।

