मां को कांधा देकर अंतिम यात्रा पर निकले हेमंत सोरेन, नेमरा में होगा अंतिम संस्कार
मां को कांधा देकर अंतिम यात्रा पर निकले हेमंत सोरेन
रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर पैतृक गांव नेमरा के लिए रवाना, गमगीन माहौल में दी जा रही अंतिम विदाई
राॅंची। मां के कांधे पर चढ़कर जिसने दुनिया देखी, आज उसी मां को कांधा देकर बेटे ने अंतिम यात्रा शुरू की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी दिवंगत माता श्रीमती रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर को कांधा देकर पैतृक गांव नेमरा के लिए रवाना हुए। इस दौरान पूरा माहौल गमगीन रहा। मां की अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भावुक नजर आए।
रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर को रांची स्थित आवास से अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव नेमरा ले जाया गया। अंतिम यात्रा में परिवार के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में रिश्तेदार, शुभचिंतक और आम लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी मां के पार्थिव शरीर को कांधा दिया और अंतिम यात्रा में साथ चले। अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही।
इससे पहले राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार समेत राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व उपमुख्यमंत्री, विधायक, पूर्व मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों ने रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मंत्री चमरा लिंडा, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सांसद विजय हांसदा, सांसद ढुल्लू महतो, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।
रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार में शोक का माहौल है। वह दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां थीं। उनके निधन की खबर के बाद बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। पैतृक गांव नेमरा में अंतिम संस्कार की तैयारी की गई है, जहां उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।

