नौ माह से बंद बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना, 32 गांवों में पानी की आपूर्ति ठप

जनवरी से बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना से 32 गांवों का पानी बंद, डीसी ने लिया संज्ञान, जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन
नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड क्षेत्र के कोटखास में स्थित बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना पिछले करीब नौ माह से बंद पड़ी है. पलामू जिले के नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड क्षेत्र के कोटखास में स्थित बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना पिछले करीब नौ माह से बंद पड़ी है. योजना के बंद रहने से इससे जुड़े पांच पंचायतों के 32 गांवों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप है. लंबे समय से पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

ग्रामीणों का कहना है कि बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना से नियमित पानी मिलने की उम्मीद थी, लेकिन करीब नौ माह से योजना बंद रहने के कारण उन्हें वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है. गर्मी और अन्य जरूरतों के बीच पेयजल की समस्या ग्रामीणों के लिए गंभीर बनी हुई है.

मामले को लेकर पलामू उपायुक्त दिलीप कुमार सिंह शेखावत ने संज्ञान लिया है. उन्होंने कहा कि मामला आपके माध्यम से ही संज्ञान में आया है. इसकी जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

अब देखना होगा कि करीब नौ माह से बंद पड़ी जलापूर्ति योजना की तकनीकी खराबी अथवा अन्य कारणों की जांच कब तक पूरी होती है और 32 गांवों में पेयजल आपूर्ति कब बहाल होती है.