झामुमो पर भाजपा का पलटवार, विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी को बदनाम करने का लगाया आरोप
झामुमो पर भाजपा का पलटवार, विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी को बदनाम करने का लगाया आरोप
गढ़वा। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने झामुमो पर कड़ा हमला बोलते हुए गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी को साजिश के तहत बदनाम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद झामुमो के लोग सत्ता के प्रभाव का इस्तेमाल कर विधायक को दबाने और उनके खिलाफ फर्जी मुकदमे कराने का प्रयास कर रहे हैं।
रितेश चौबे ने आरोप लगाया कि विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के खिलाफ लगातार साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि विधायक के खिलाफ मुकदमा कराने वाले लोगों ने पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर को चुनाव हराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
भाजपा मीडिया प्रभारी ने कहा कि इसके बावजूद पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ऐसे लोगों के प्रभाव में आकर विधायक और गढ़वा की जनता के खिलाफ राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो के लोग चुनाव हारने के बाद गढ़वा की जनता के प्रति बदले की भावना से काम कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की है, इसके बावजूद प्रशासन पर दबाव बनाकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। हालांकि, इन आरोपों पर झामुमो की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
रितेश चौबे ने कहा कि भाजपा पूरे मामले को जनता के बीच ले जाएगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भाजपा मजबूत जनसमर्थन के साथ सत्ता में वापसी करेगी।

