झारखंड में कोयला चोरी पर CISF का शिकंजा, 320 टन अवैध कोयला जब्त; CBI जांच भी तेज
झारखंड के कोयला क्षेत्रों में CISF ने अवैध खनन और कोयला चोरी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सितंबर में कई इलाकों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध कोयला और खनन उपकरण जब्त किए गए। फुलबसिया साइडिंग के पास करीब 250 टन और बेनीडीह में करीब 70 टन अवैध कोयला बरामद किया गया।
वहीं, दूसरी ओर BCCL धनबाद यूनिट के दो पूर्व CISF अधिकारियों—उप कमांडेंट ओम कुमार तनवर और इंस्पेक्टर राज लक्ष्मी वर्मा—के खिलाफ CBI ने FIR दर्ज की है। दोनों पर वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है।
मामला यहीं खत्म नहीं होता। जांच के दायरे में CISF के दो दर्जन से ज्यादा अधिकारी और जवान बताए जा रहे हैं। अब CBI कथित कोयला चोरी नेटवर्क में अधिकारियों की भूमिका और सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान से जुड़े सबूत जुटा रही है। हालांकि, आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

