गिरिडीह में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 150 से अधिक लोगों की हुई जांच

गिरिडीह। लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट एवं आविष्कार डायग्नोसिस के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 150 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
शिविर में ब्लड शुगर, कैल्शियम, कोलेस्ट्रॉल एवं ईसीजी की जांच निःशुल्क कराई गई। वहीं केएफटी, एलएफटी, विटामिन बी-12, विटामिन डी-3 एवं थायरॉइड जैसी महत्वपूर्ण जांचों पर 50 प्रतिशत विशेष छूट दी गई। आयोजन का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322-ए के रीजन चेयरपर्सन लायन धर्म प्रकाश ने बताया कि वर्तमान में सेवा सप्ताह चल रहा है, जिसके तहत यह शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि क्लब द्वारा पूरे सप्ताह विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा पहुंचाई जा सके।
क्लब अध्यक्ष लायन राहुल बर्मन ने कहा कि आज के तनावपूर्ण जीवन में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत होने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि क्लब जल्द ही मेंटल हेल्थ अवेयरनेस कार्यक्रम भी आयोजित करेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार कराए जाएंगे।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन राजेश कुमार गुप्ता, सचिव डा. सुमन कुमार, कोषाध्यक्ष लायन मसरूर आलम सिद्दकी, लायन डॉ. विकाश लाल, लायन मुकेश आनंद, लायन रवि राज, लायन दशरथ प्रसाद, लायन सुदीप गुप्ता, लायन शत्रुघ्न सिंह, लायन शब्बीर आलम एवं लायन अरविंद कुमार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आविष्कार डायग्नोस्टिक के संचालक दिवेन तिवारी सहित समस्त कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।