महुआडांड़ पहुंची ‘सेवा संकल्प यात्रा’, सांसद कालीचरण सिंह ने अन्नपूर्णा देवी का किया स्वागत
लातेहार के महुआडांड़ पहुंची ‘सेवा संकल्प यात्रा’, सांसद कालीचरण सिंह ने केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी का किया स्वागत।
लातेहार से अर्चना कुमारी की रिपोर्ट।
लातेहार जिले के महुआडांड़ में शनिवार को ‘सेवा संकल्प यात्रा’ का आगमन हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू, भानु प्रताप शाही एवं युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज सहित कई प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महुआडांड़ पहुंचने पर चतरा लोकसभा सांसद कालीचरण सिंह ने केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी एवं अन्य अतिथियों का गुलदस्ता और पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर की पवित्र धरती से संकल्प लेकर शुरू हुई ‘सेवा संकल्प यात्रा’ देश में सेवा, जनकल्याण और सांस्कृतिक चेतना के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगे बढ़ रही है। वडनगर से कर्मभूमि वाराणसी तक चलने वाली इस यात्रा के माध्यम से निस्वार्थ सेवा और राष्ट्रहित के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।
लातेहार की ऐतिहासिक और ऊर्जावान धरती पर यात्रा के पहुंचने से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे और अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।




