गांधी-शास्त्री और शहीद शेख भिखारी को कांग्रेस ने किया नमन, सतीश केडिया बोले—महापुरुषों के विचार आज भी प्रासंगिक
गांधी-शास्त्री और शहीद शेख भिखारी को कांग्रेस ने किया नमन, सतीश केडिया बोले—महापुरुषों के विचार आज भी प्रासंगिक
गिरिडीह। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री एवं अमर स्वतंत्रता सेनानी शहीद शेख भिखारी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तीनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के बाद वक्ताओं ने महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री एवं शहीद शेख भिखारी के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि आज का दिन पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण और गौरव का दिन है। महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देशवासियों को एकजुट कर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि गांधीजी की बातें करना आसान है, लेकिन उनके बताए रास्ते पर चलना कठिन है। इसके बावजूद सत्य और अहिंसा के उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए सतीश केडिया ने कहा कि उन्होंने अपनी सादगी, ईमानदारी और संयम से देश के सामने मिसाल पेश की। सर्वोच्च पद पर रहते हुए भी उन्होंने गरीब, किसान और जवान के हितों को प्राथमिकता दी।
वहीं, झारखंड के वीर सपूत शहीद शेख भिखारी को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान शेख भिखारी ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अदम्य साहस का परिचय दिया। चुटूपालू घाटी में अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए उन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
कार्यक्रम में अशोक विश्वकर्मा, मोहम्मद निजाम, राज अहमद, ऋषिकेश मिश्रा एवं सुलेमान अख्तर सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
मौके पर अजय कुमार सिन्हा, मोहम्मद निजामुद्दीन, मोहम्मद अली खान, मोहम्मद सोहेल, साबिर अहमद खान, सैफुद्दीन खान, त्रिभुवन दास, सुलेमान अख्तर, वरुण सिंह, बिलाल अहमद हुसैनी, इरफान अली, शाहनवाज अख्तर, मोहम्मद इमाम, ओवैस अहमद, कपिल देव राय, मोहम्मद अशरफ, मनीष वर्मा, मोहम्मद नवाज, कुंदन, मिराज एवं गोल्डी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों के आदर्शों और उनके संघर्ष को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

