कांडी बाजार में पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 टोटो और 3 टेंपो पर कार्रवाई

कांडी बाजार में थाना प्रभारी का बड़ा एक्शन, 4 टोटो व 3 टेंपो पर कार्रवाई

जाम से राहत दिलाने को सघन अभियान, यातायात नियम तोड़ने वालों में मचा हड़कंप

कांडी (गढ़वा)। कांडी मुख्य बाजार में लगातार लग रहे जाम और बेतरतीब वाहन परिचालन पर गुरुवार को कांडी थाना पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। थाना प्रभारी राणा ऋषिकेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मुख्य बाजार में सघन यातायात अभियान चलाते हुए यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले 4 टोटो एवं 3 टेंपो को चालान की कार्रवाई के लिए भेजा। एक साथ सात वाहनों पर हुई कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान थाना प्रभारी राणा ऋषिकेश सिंह स्वयं पुलिस टीम के साथ बाजार की यातायात व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। सड़क पर अनियंत्रित तरीके से वाहन खड़ा करने, आवागमन में बाधा उत्पन्न करने तथा बाजार की यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस की कार्रवाई के बाद बाजार में वाहन चालकों के बीच नियमों के पालन को लेकर चर्चा तेज हो गई।
थाना प्रभारी राणा ऋषिकेश सिंह ने स्पष्ट किया कि कांडी मुख्य बाजार में आम लोगों के आवागमन को सुचारू रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक जाम के कारण राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को परेशानी नहीं हो, इसके लिए पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि बाजार क्षेत्र में यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर इस तरह वाहन खड़ा न करें, जिससे आवागमन बाधित हो।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को कांडी मुख्य बाजार की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने की दिशा में अब तक की प्रमुख कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है। पुलिस के सख्त तेवर से साफ है कि मुख्य बाजार में जाम और यातायात अव्यवस्था को लेकर अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।