गिरिडीह को नई रेल सौगात, न्यू गिरिडीह होकर चलेगी हावड़ा-खातीपुरा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन

गिरिडीह के रेल यात्रियों के लिए एक और सौगात: न्यू गिरिडीह होकर चलेगी हावड़ा–खातीपुरा (जयपुर) (03007/08) साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन

न्यू गिरिडीह में दोनों दिशाओं से होगा ठहराव, बुकिंग शुरू; सलैया संघर्ष मोर्चा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति जताया आभार
गिरिडीह।
दुर्गापूजा, दीपावली और महापर्व छठ के मद्देनजर गिरिडीह वासियों को रेलवे के तरफ से एक और सौगात मिली है। रेलवे ने हावड़ा–खातीपुरा (जयपुर)–हावड़ा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का परिचालन न्यू गिरिडीह और जमुआ होकर करने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के परिचालन से गिरिडीह जिले के यात्रियों को राजस्थान और पश्चिम बंगाल के लिये एक महत्वपूर्ण रेल संपर्क की सुविधा मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण पहल के लिए सलैया संघर्ष मोर्चा ने गिरिडीह वासियों की ओर से रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।

ज्ञात हो कि सलैया संघर्ष मोर्चा के एक शिष्टमंडल ने दिल्ली जाकर रेल मंत्री से मुलाकात कर कोडरमा–मधुपुर रेलखंड पर हावड़ा-पटना समेत लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन शुरू करने तथा सलैया स्टेशन पर उन सभी एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी थी। इन सभी मांगों के संदर्भ में ही कुछ माह पूर्व भी झारखंड रेल यूजर एसोसिएशन और सलैया संघर्ष मोर्चा का एक संयुक्त प्रतिनिधि मंडल आसनसोल रेल मंडल के अधिकारियों से भी मिला था।

रेलवे की समय-सारणी के अनुसार
गाड़ी संख्या 03007 हावड़ा–खातीपुरा (जयपुर) साप्ताहिक स्पेशल 11 अक्टूबर 2026 से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार को हावड़ा से रात 11:55 बजे रवाना होकर अगली सुबह 05:53 बजे न्यू गिरिडीह पहुंचेगी, फिर आगे जमुआ, कोडरमा और गया होते हुये खातीपुरा के लिए रवाना होगी।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 03008 खातीपुरा (जयपुर)–हावड़ा साप्ताहिक स्पेशल 13 अक्टूबर 2026 से 1 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को खातीपुरा से रवाना होकर रात्रि 10:22 बजे न्यू गिरिडीह पहुंचेगी और फिर मधुपुर होते हुये आगे हावड़ा के लिये प्रस्थान करेगी जो सुबह 5:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी।

रेलवे की सूचना के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन कुल 08 ट्रिप संचालित होगी। ट्रेन में 04 थर्ड एसी, 10 द्वितीय शयनयान, 06 साधारण श्रेणी तथा 02 गार्ड डिब्बों सहित कुल 22 डिब्बे होंगे। खुशी की बात ये है कि इस ट्रेन की बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।
यह ट्रेन इस मार्ग में बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, न्यू गिरिडीह, जमुआ, कोडरमा, गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सुबेदारगंज, गोविंदपुरी, इटावा, फतेहाबाद, आगरा कैंट, भरतपुर, बांदीकुई एवं दौसा स्टेशनों पर भी ठहराव करेगी।

रेल मंत्री के प्रति जताया आभार:-

सलैया संघर्ष मोर्चा के गौतम सोनी ने कहा कि गिरिडीह को बेहतर रेल सुविधा दिलाने के लिए संगठन लगातार आवाज उठाता रहा है। न्यू गिरिडीह को इस नई रेल सेवा से जोड़ना क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

निशु सिंह ने नई रेल सेवा के लिए रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गिरिडीह की रेल सुविधाओं में विस्तार के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

संतोष पांडेय ने कहा कि न्यू गिरिडीह और जमुआ में ट्रेन के ठहराव से शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा।

वहीं, रवि डालमिया ने कहा कि इस ट्रेन के परिचालन से गिरिडीह और आसपास के श्रद्धालुओं को खाटू श्याम की यात्रा में भी सुविधा मिलेगी।

साथ में सलैया संघर्ष मोर्चा ने सलैया स्टेशन पर सभी एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को पूरी प्रतिबद्धता के साथ दोहराया।