बैंक डकैती के बाद गिरिडीह पुलिस अलर्ट, बैंकों और आभूषण दुकानों की सुरक्षा जांच तेज
गिरिडीह। जमशेदपुर में बैंक डकैती और उसी दिन आभूषण दुकान में चोरी की घटना के बाद राज्यभर की पुलिस अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में गिरिडीह पुलिस ने भी जिले में बैंक और आभूषण दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच अभियान शुरू किया है। एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों और जवानों ने विभिन्न बैंकों एवं आभूषण दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
जांच के दौरान मुख्य रूप से सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की गई। पुलिस ने यह भी देखा कि बैंक और आभूषण दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे सही दिशा में हैं या नहीं और घटना की स्थिति में संदिग्धों की पहचान के लिए फुटेज उपयोगी होंगे या नहीं।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक और आभूषण दुकान संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। साथ ही खराब पड़े सीसीटीवी कैमरे और अलार्म सिस्टम को तत्काल दुरुस्त कराने को कहा गया। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि बैंक और आभूषण दुकानों की सुरक्षा जांच को केवल विशेष अभियान तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे डेली रूटिंग में शामिल किया गया है। पुलिस लगातार इन स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि अपराधियों को किसी भी तरह की सेंधमारी का मौका नहीं मिले।
उन्होंने बैंक और आभूषण दुकान संचालकों से भी अपील की कि वे सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस की इस पहल से जिले के संवेदनशील व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया गया है।

