पांकी के सोरठ जंगल में जंगली मधुमक्खियों का हमला, महिला की मौत; पांच बच्चों के सिर से उठा मां का साया

पांकी के सोरठ जंगल में जंगली मधुमक्खियों के हमले से महिला की मौत, गांव में मातम

​ पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोरठ के जंगल में शनिवार को जंगली मधुमक्खियों (भंवरों) के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान सविता देवी, पति तीतू भुइयां के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका अपने पीछे पांच छोटे बच्चों को छोड़ गई है।
​घटना के संबंध में मृतका के पति तीतू भुइयां ने बताया कि शनिवार की सुबह सविता देवी रोजाना की तरह बकरियां चराने के लिए पास के सोरठ जंगल गई हुई थीं। जब दोपहर बीत जाने के बाद भी वह घर वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने जंगल की ओर जाकर उनकी खोजबीन शुरू की।
​खोजबीन के दौरान परिजनों को पता चला कि गांव के ही एक अन्य व्यक्ति कमेश भुइयां पर भी जंगल में जंगली मधुमक्खियों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया है। इस सूचना के बाद परिजनों ने जंगल में और गहनता से तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद सविता देवी जंगल में मृत अवस्था में पाई गईं।
​पूरे शरीर पर डंक के निशान
​परिजनों ने बताया कि मृतका के पूरे शरीर पर भंवरों के डंक के गहरे निशान मौजूद हैं। अत्यधिक संख्या में मधुमक्खियों के काटने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।