गढ़वा में तेजस्विनी युवती सम्मेलन, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में युवतियों की भूमिका पर मंथन
व्यक्तित्व विकास से राष्ट्र निर्माण तक युवतियों की भूमिका पर मंथन, तेजस्विनी सम्मेलन आयोजित
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद गढ़वा के तत्वाधान में तेजस्विनी युवती सम्मेलन का आयोजन स्थानीय बंधन मैरिज हॉल गढ़वा में किया गया। युवती सम्मेलन में मुख्य रूप से विद्यार्थी परिषद की पूर्व केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य जागृति उपाध्याय, शिक्षिका भारती सिंह, अनीता तूफानी, एवं खुशबू उपाध्याय मौजूद रहीं। यह सम्मेलन छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सामाजिक जागरूकता, एवं राष्ट्र निर्माण में युवतियों के सहभागिता को लेकर तेजस्विनी युवती सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए जागृति उपाध्याय ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन के रूप में काम नहीं करता, बल्कि विद्यार्थी जीवन से जुड़े विषयों, शिक्षा व्यवस्था, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न आयामों पर विद्यार्थियों को जोड़ने का प्रयास करता है। अभाविप हमेशा से विद्यार्थियों के शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, अधिकार और भविष्य से जुड़े विषयों को लेकर काम करता रहा है। JPSC-JSSC जैसे विषयों पर विद्यार्थियों के साथ खड़ा होना हो या युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देना परिषद लगातार अपनी भूमिका निभा रहा है। विद्यार्थी परिषद द्वारा देशभर में छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के लिए ‘मिशन साहसी’, ‘ऋतुमती अभियान’ सहित विभिन्न अभियानों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है। विगत दिनों दिल्ली में आयोजित छात्रा संसद में भी छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही, वहीं छात्राओं को शिक्षा, स्वावलंबन और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराने के लिए अभाविप निरंतर कार्य कर रहा है। भारती सिंह ने कहा कि यह तेजस्विनी युवती सम्मेलन अपने आप में एक विशेष अवसर है। यह केवल एक सम्मेलन नहीं है, बल्कि हमारी युवतियों की प्रतिभा,आत्मविश्वास,नेतृत्व क्षमता और संकल्प का उत्सव है। आज हमारी बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, खेल के मैदान में उपलब्धियां हासिल कर रही हैं, NCC और NSS के माध्यम से सेवा और अनुशासन का परिचय दे रही हैं, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और सामाजिक जीवन में नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं। आज इस सम्मेलन में NCC, NSS, खेल, ओलंपियाड और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली छात्राओं को सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान केवल उनकी उपलब्धि का सम्मान नहीं है, बल्कि यह संदेश भी है कि मेहनत करने वाली बेटियों को समाज पहचानता भी है और सम्मान भी देता है। इनके अलावा अनीता तूफानी और खुशबू उपाध्याय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में समाज के विविध क्षेत्रों में कार्य करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली छात्राओं में लक्ष्मी कुमारी,प्रियांशी शर्मा,अमीषा उजाला,सिंकी कुमारी,प्रेमलता कुमारी, मुस्कान कुमारी,ज्योति कुमारी,रुबी परवीन,अंजली कुमारी,अर्चना देवी,सोनी देवी,मनीषा देवी,दीपांजलि कुमारी गुप्ता, सोनालिका कश्यप,अनुपम कुमारी,उषा कुमारी,गुनगुन कुमारी,लक्ष्मी ऋषि, दीपांजलि गुप्ता,दीपा कुमारी सहित कई छात्राओं को सम्मानित किया गया।

