झारखंड में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, गढ़वा-पलामू समेत 5 जिलों में येलो अलर्ट
बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव का असर, झारखंड में मूसलाधार बारिश का अलर्ट
गढ़वा समेत पांच जिलों में येलो अलर्ट, बीडीओ राकेश सहाय ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
कांडी (गढ़वा)। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड के मौसम पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में आंधी के साथ तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में खराब मौसम को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
इसी क्रम में कांडी के बीडीओ राकेश सहाय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर क्षेत्रवासियों को मौसम को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के दौरान लोग अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और तेज हवा व वज्रपात की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहें। प्रशासन की ओर से मौसम की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार 26 से 27 सितंबर तक गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और रांची जिले में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न होने तथा नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से नदी, नाला, पुल-पुलिया एवं जलभराव वाले स्थानों के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है।
बीडीओ राकेश सहाय ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में किसी भी तरह का जोखिम न लें। प्रशासन की सलाह का पालन करें और विशेषकर बच्चों को नदी-नालों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें। उन्होंने कहा कि मौसम संबंधी किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

