बरवाडीह में 20 वर्षीय युवक लापता, 6 दिन से नहीं मिला सुराग; परिजनों ने थाने में दिया आवेदन
20 वर्षीय युवक के लापता होने का मामला, बरवाडीह थाना में परिजनों ने दिया आवेदन
बरवाडीह। प्रखंड क्षेत्र में एक 20 वर्षीय युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार युवक 18 सितंबर 2026 से घर से लापता है। काफी खोजबीन और रिश्तेदारों तथा परिचितों से जानकारी लेने के बावजूद युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
परिजनों ने बताया कि युवक की शादी इसी वर्ष हुई थी। शादी के बाद पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर कुछ विवाद भी सामने आया। परिजनों के अनुसार युवक अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए ससुराल पक्ष से संपर्क करने गया था, लेकिन वहां से विदाई नहीं हो सकी। इसके बाद से युवक के संबंध में परिवार को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है।
लगातार तलाश के बाद भी जब युवक का पता नहीं चला, तो परिजनों ने 24 सितंबर 2026 को बरवाडीह थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से युवक की तलाश कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
परिजनों का कहना है कि युवक के अचानक लापता होने से पूरा परिवार चिंतित है और सभी संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की जा रही है। अब परिवार को पुलिस की जांच और युवक के सुरक्षित मिलने की उम्मीद है।

