27 सितंबर को डालटनगंज में खेलो इंडिया वूमेन्स लीग, वुशु में बालिका खिलाड़ी दिखाएंगी दमखम

27 सितंबर को डालटनगंज में होगा खेलो इंडिया वूमेन्स लीग का आयोजन

डालटनगंज। पलामू की बालिका खिलाड़ियों को वुशु खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 27 सितंबर, रविवार को खेलो इंडिया वूमेन्स लीग का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन रेड़मा, पांकी रोड, डालटनगंज स्थित द कराटे अकादमी में होगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 9 बजे किया जाएगा।

पलामू वुशु एसोसिएशन की आम बैठक में बालिका वर्ग के खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई। झारखंड वुशु एसोसिएशन के निर्देश पर 27 सितंबर को खेलो इंडिया वूमेन्स लीग आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

इस प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग की महिला एवं बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगी। प्रतियोगिता में वुशु की दोनों प्रमुख विधाओं सांडा एवं ताउलू में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य पलामू की बालिका खिलाड़ियों को वुशु खेल के लिए बेहतर मंच प्रदान करना, उनकी प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

बैठक में पलामू वुशु एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश प्रसाद, सचिव सुमित वर्मन एवं कोषाध्यक्ष दीपक तिवारी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

आयोजकों ने पलामू की सभी आयु वर्ग की महिला एवं बालिका खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।

You may have missed